“मेरा भारत, मेरा वोट” अभियान के तहत उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई गई मतदान की शपथ

चम्बा 24 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने आज उपायुक्त कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत “मेरा भारत, मेरा वोट” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग करना तथा अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करना है।इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करे। उन्होंने कहा कि “मेरा भारत, मेरा वोट” केवल एक नारा नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। मतदान के माध्यम से ही जनता अपनी आवाज शासन व्यवस्था तक पहुंचाती है।शपथ कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।

सभी ने यह भी प्रण किया कि वे प्रत्येक चुनाव में निर्भीक होकर, बिना किसी दबाव, भय या प्रलोभन के, धर्म, जाति, नस्ल, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रभाव से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।उपायुक्त ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि आम जनता को भी मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करें, ताकि शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरूक मतदाता पर निर्भर करती है और हर एक वोट देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प दोहराया।