सकरेरा स्कूल में शहीदों को नमन, बलिदान दिवस पर गूंजा देशभक्ति का संदेश

डलहोजी/ चम्बा 23 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय उच्च विद्यालय सकरेरा में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, शिवाराम राजगुरु,सुखदेव थापर के बलिदान दिवस को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादगीपूर्ण लेकिन भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्याध्यापक श्री लेखराज तथा मुख्य शिक्षक श्री नारायण सुख द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लेते हुए देशभक्ति की भावना का परिचय दिया।इस दौरान मुख्याध्यापक और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शहीदों के जीवन, संघर्ष और बलिदान के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, जिससे हमें स्वतंत्र भारत में जीने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाएं तथा देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारें।भाषण के दौरान “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर शिक्षक वीरेंद्र ठाकुर, गिरधारी, राकेश कुमार, अमित कुमार, केवल कुमार, संतोष कुमार, सीमा, सुनीता देवी, सुषमा देवी, जैसी राम, बिट्टू कुमार और अलीशा सहित अन्य स्टाफ सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के संदेश और शहीदों के आदर्शों को अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।