चुराह की चार पंचायतों को सनूँह वार्ड में शामिल करने के फैसले पर विरोध, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा क्षेत्र चुराह विधानसभा क्षेत्र के ज़िला परिषद वार्ड सनवाल से चार पंचायतों — चीह, बनंतर, आयल और भलोड़ी — को डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र के सनूँह ज़िला परिषद वार्ड में शामिल किए जाने के फैसले को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस निर्णय को जनभावनाओं के विपरीत बताते हुए प्रशासन से तत्काल पुनर्विचार की मांग की है।इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त चंबा से मिला और अपनी आपत्तियों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों का कहना था कि पंचायतों के वार्ड परिवर्तन का सीधा प्रभाव क्षेत्रीय विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ सकता है।

उनका तर्क था कि वर्षों से इन पंचायतों का सामाजिक, भौगोलिक और प्रशासनिक जुड़ाव चुराह क्षेत्र के साथ रहा है, ऐसे में अचानक बदलाव से लोगों को असुविधा हो सकती है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण निर्णय से पहले स्थानीय जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से पर्याप्त विचार-विमर्श नहीं किया गया। उनका कहना है कि किसी भी प्रशासनिक पुनर्गठन से पहले जनसहमति लेना आवश्यक है, ताकि निर्णय व्यावहारिक और जनहितकारी हो सके।चुराह कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना ने भी ग्रामीणों की चिंताओं का समर्थन करते हुए कहा कि जनता की सहमति के बिना ऐसे निर्णय लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाए।प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करेगा और जनहित में उचित निर्णय लेगा।