पुलिस की मुस्तैदी से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस की मुस्तैदी से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी की तलाश जारी

डलहौजी/चंबा 04 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी क्षेत्र में चोरी की एक घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरसी चालक विजय कुमार द्वारा दिए गए सुराग के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
बताया जा रहा है कि दिनांक 03 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें 17 फरवरी 2026 को चोरी हुई एक मोटरसाइकिल, नंबर HP 47 9631 स्प्लेंडर, के संबंध में जानकारी दी गई। इस सूचना के आधार पर पुलिस चौकी बनीखेत की टीम ने जांच शुरू की। टीम में मुख्य आरक्षी विनोद कुमार, मुख्य आरक्षी अरुण कुमार, मानक मुख्य आरक्षी सुभाष चंद तथा आरक्षी रवि कुमार शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पठानकोट क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, जहां उक्त मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चोरी के बाद मोटरसाइकिल की पहचान छुपाने के लिए उसका नंबर प्लेट बदल दिया गया था। हालांकि पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते वाहन को सही स्थिति में बरामद कर लिया गया।
इस सारे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि इस मामले में संलिप्त आरोपी की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और सतर्कता का पता चलता है, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!