डलहौजी में जंगलों में लगी आग से हड़कंप, प्रशासन और वन विभाग अलर्ट मोड पर

डलहौजी में जंगलों में लगी आग से हड़कंप, प्रशासन और वन विभाग अलर्ट मोड पर

डलहौजी/चम्बा 9 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

बीते दो दिनों से पहाड़ों पर पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जहां एक ओर मैदानी इलाकों में तापमान पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है, वहीं डलहौजी सहित इसके आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी का कहर साफ नजर आने लगा है। अत्यधिक तापमान के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे पर्यावरण और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर संकट मंडराने लगा है।

डलहौजी के कथलग गांव के साथ लगते जंगलों में आज भीषण आग लग गई, जिससे प्रशासन को तत्काल हरकत में आना पड़ा। आग की तीव्रता और फैलाव को देखते हुए प्रशासन ने अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामवासियों को भी आग से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

उपमंडल अधिकारी डलहौजी, अनिल भारद्वाज ने बताया कि आग प्रभावित क्षेत्रों के पास बसे गांवों और रिहायशी इलाकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि किसी आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। सभी संबंधित विभागों को भी सतर्क कर दिया गया है।

डलहौजी के डीएफओ रजनीश महाजन ने बताया कि वन विभाग द्वारा रात में टिकरी पहरा लगाया जा रहा है, जिससे आगजनी की घटनाओं पर निगरानी रखी जा सके। साथ ही वनरक्षक, वनमित्र एवं अन्य वनकर्मी पूरी तरह सजग हैं और फायर सीजन को देखते हुए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्रशासन और वन विभाग मिलकर इस संकट से निपटने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!