भटीयात के ददरियाड़ा विद्यालय में चाइल्ड हेल्पलाइन ने बच्चों को बाल अधिकारों व नशे की बुराइयों पर किया जागरूक

चम्बा 19 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भटियात उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ददरियाड़ा में शुक्रवार को चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने बच्चों, अध्यापकों और स्टाफ के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यकारी प्रधानाचार्य दलजीत सिंह की अध्यक्षता में हुआ यह कार्यक्रम बाल अधिकारों, नशे की बुराइयों, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग और हेल्पलाइन 1098 की कार्यप्रणाली पर केंद्रित रहा। लगभग 175 बच्चों समेत शिक्षकों ने इसमें भाग लिया।जिला परियोजना समन्वयक कपिल शर्मा ने टोल-फ्री नंबर 1098 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशा, बाल तस्करी, भिक्षावृत्ति, यौन शोषण, घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक दंड जैसी समस्याओं पर जागरूक किया।

दिव्यांग, अनाथ-अर्धानाथ बच्चों के लिए सरकारी योजनाओं तथा स्कूल ड्रॉपआउट बच्चों को मुख्यधारा में लाने के परामर्श की जानकारी साझा की। संबंधित कानूनी प्रावधानों से भी अवगत कराया।शर्मा ने सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दी। बच्चों को बहलाने-फुसलाने या ब्लैकमेल करने वालों से संपर्क न करने तथा अनजान लोगों से दूरी बनाने को कहा। लड़कियों को विशेष रूप से सचेत किया कि यदि कोई तंग करे, पीछा करे, भद्दी टिप्पणी दे, बस में गलत छुए या मोबाइल पर अश्लील सामग्री दिखाए, तो तुरंत 1098 पर कॉल करें। अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।कार्यकारी प्रधानाचार्य दलजीत सिंह ने कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने इसे बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इसमें प्रवक्ता संजय कुमार (इतिहास), शीतल शर्मा (अंग्रेजी), पूनम शर्मा (हिंदी), अंजना महाजन, जितेंद्र कुमार, निशा कुमारी, रोहित कुमार, केवल सिंह, स्वाति चौहान, कविता बलौरिया, पंकज कौशल और कमल किशोर उपस्थित रहे।