एजी कार्यालय की ऑनलाइन प्रक्रिया से सेवानिवृत्त कर्मचारी परेशान, समाधान की उठी मांग

डलहोजी/चम्बा 25 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा सहित प्रदेश भर में लेखाकार जनरल (एजी) कार्यालय द्वारा पेंशन प्रकरणों के लिए अनिवार्य की गई ऑनलाइन प्रक्रिया से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। तकनीकी खामियों और अधूरी व्यवस्था के कारण कर्मचारी दुविधा की स्थिति में पहुंच गए हैं, जिससे उनके पेंशन मामलों का निपटारा प्रभावित हो रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एजी कार्यालय द्वारा ऑफलाइन भेजे गए पेंशन मामलों को लगातार लौटाया जा रहा है और केवल ऑनलाइन माध्यम से ही प्रकरण स्वीकार किए जा रहे हैं। वहीं, मानव सम्पदा पोर्टल पर आवश्यक विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण कई मामलों को दर्ज ही नहीं किया जा पा रहा है। इससे बड़ी संख्या में पेंशन प्रकरण लंबित हो गए हैं, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब पोर्टल पर केवल 2 से 6 माह पुराने मामलों की ही जानकारी दिखाई दे रही है, जबकि वर्ष 2024, 2025 और उससे पहले से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के केस सिस्टम में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। इससे प्रभावित कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।न्यू पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ जिला चंबा के अध्यक्ष सुनील जरियाल ने बताया कि एनपीएस से पुरानी पेंशन में आए कर्मचारियों को लाभ तभी मिलेगा जब वे सरकारी अंशदान और ब्याज जमा करेंगे। लेकिन 1 जनवरी 2026 से लागू नई व्यवस्था के चलते पेंशन मामले भेजने में कठिनाई हो रही है। विभागीय कर्मचारी भी इस समस्या से जूझ रहे हैं और ट्रेजरी व एजी कार्यालय से संपर्क करने पर भी समाधान नहीं मिल रहा।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर रोजाना विभिन्न जिलों से शिकायतें मिल रही हैं और सोशल मीडिया पर भी कर्मचारी अपनी समस्याएं साझा कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, एनआईसी द्वारा समाधान की प्रक्रिया जारी है, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।