विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का 12 से 13 फरवरी तक चंबा दौरा, विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का 12 से 13 फरवरी तक चंबा दौरा, विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

चम्बा 10 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 12 से 13 फरवरी तक जिला चंबा के प्रवास पर रहेंगे। विभागीय प्रवक्ता ने उनके दौरा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा अध्यक्ष 11 फरवरी को सायं लगभग 8 बजे सिहुन्ता पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव निर्धारित किया गया है।प्रवक्ता के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 12 फरवरी को दोपहर 12 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम शास्त्रांग इंडियन मॉडर्न मार्शल आर्ट सिम्मा द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई आत्म रक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं युवतियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाना है। विधानसभा अध्यक्ष इस अवसर पर प्रतिभागियों को संबोधित कर आत्मरक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।इसके उपरांत विधानसभा अध्यक्ष 13 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चुवाड़ी में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस समारोह में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी देंगे।विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि अपने प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों तथा सामाजिक प्रतिनिधियों से भी संवाद कर सकते हैं। वहीं, 14 फरवरी को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया प्रातः 11:30 बजे सिहुन्ता से शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।विधानसभा अध्यक्ष के इस दौरे को क्षेत्र में शिक्षा, आत्मरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!