गरंगड़ स्कूल का शानदार परीक्षा परिणाम, 70% छात्र सफल, 50 विद्यार्थियों में कुल 35 हुए सफल

डलहौजी /चंबा 16 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गंरगड़ ने इस वर्ष वार्षिक परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। स्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 70% रहा, जिससे छात्र, अभिभावक तथा शिक्षकगण गौरव का अनुभव कर रहे हैं।इस वर्ष कुल 50 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 35 छात्र सफल घोषित किए गए। यह परिणाम स्कूल की गुणवत्ता व शिक्षकों की मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है। विद्यालय की होनहार छात्रा अर्पिता शर्मा ने सर्वाधिक 666 अंकों (700 में से) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। तन्वी शर्मा ने 648 अंक हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रिधम ठाकुर ने 640 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया।

आदित्य ठाकुर ने 610 अंक प्राप्त कर सूची में चौथा स्थान प्राप्त किया।विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सफल 35 छात्रों में से 24 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की है, जबकि शेष 11 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। यह दर्शाता है कि छात्र केवल पास ही नहीं हो रहे हैं, बल्कि उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण हो रहे हैं।प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने इस उपलब्धि के लिए छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम पूरे स्कूल समुदाय की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का फल है। साथ ही, स्कूल प्रबंधन ने आगामी वर्षों में और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई है।