राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत पर उपायुक्त कार्यालय चंबा में सड़क सुरक्षा शपथ समारोह आयोजित

चम्बा 01 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त कार्यालय परिसर चंबा में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल ने उपायुक्त कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम का उद्देश्य सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे पैदल चलने अथवा वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की शपथ ली। इसके साथ ही सभी ने यह भी प्रण लिया कि वे नशे की अवस्था में अथवा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाएंगे।अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षित गति बनाए रखने, वाहन चलाते समय उचित दूरी रखने तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों—जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों—को प्राथमिकता देते हुए उन्हें रास्ता देने का संकल्प लिया।

इसके अतिरिक्त, नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का भी प्रण लिया गया।इस अवसर पर सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “एक सुरक्षित भारत” का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को अपने जीवन का हिस्सा बनाए। उन्होंने “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” के संदेश को आत्मसात करते हुए आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सड़क सुरक्षा को और सुदृढ़ करने पर भी बल दिया।कार्यक्रम में उपायुक्त कार्यालय चंबा के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।