लगातार बारिश से बंजवाड़ गांव में मकान को भारी नुकसान, गरीब परिवार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

लगातार बारिश से बंजवाड़ गांव में मकान को भारी नुकसान, गरीब परिवार ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

तीसा (चुराह) 16 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर

क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों में बर्फबारी ने जहां ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है, वहीं दूसरी ओर लोगों की परेशानियां भी बढ़ने लगी हैं। उपमंडल तीसा की ग्राम पंचायत चांजू के गांव बंजवाड़ में तेज बारिश के कारण एक गरीब परिवार के मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि यह परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहा है और अब उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।जानकारी के अनुसार बंजवाड़ गांव निवासी मानसिंह पुत्र मोती के मकान के साथ लगा पक्का डंगा लगातार हो रही बारिश के कारण पूरी तरह से जमींदोज हो गया। डंगा गिरने से मकान की नींव कमजोर हो गई है और पूरे घर पर खतरा मंडराने लगा है। मकान की दीवारों में कई जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे परिवार के सदस्यों में भय का माहौल बना हुआ है।

मानसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना मकान बना रहा था, लेकिन लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मकान को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहता है तो यह मकान किसी भी समय मलबे के ढेर में तब्दील हो सकता है।घटना के बाद मानसिंह और उसके परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में गांव के स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए आगे आए हैं और मानवता का परिचय देते हुए मानसिंह के परिवार को अस्थायी रूप से अपने घर में शरण दी है।पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर उचित राहत और आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि वे इस मुश्किल घड़ी से उबर सकें।

इस घटना की सूचना मिलते ही पंचायत सचिव और पटवारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों ने घटना की रिपोर्ट तैयार कर आगे उच्च अधिकारियों को भेज दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!