तुनुहट्टी में एचआरटीसी बस से लावारिस बैग में 260 ग्राम चरस बरामद, पुलिस जांच में जुटी

डलहौजी/चम्बा 08 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा–पठानकोट रूट पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस से तुनुहट्टी क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बस में पड़े एक लावारिस बैग से 260 ग्राम चरस बरामद की है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुनुहट्टी में नियमित जांच एवं निगरानी के दौरान पुलिस टीम ने चंबा–पठानकोट रूट की एचआरटीसी बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस के अंदर एक बैग लावारिस हालत में मिला। जब पुलिस ने बैग की जांच की तो उसके अंदर से 260 ग्राम चरस बरामद हुई। बैग पर किसी प्रकार की पहचान न होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नशीला पदार्थ किस यात्री का है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया और जांच को आगे बढ़ाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा बस में सवार सभी यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही बस के स्टाफ से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि चरस के असली मालिक तक पहुंचा जा सके।
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि बस में सवार यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की कड़ियों को जोड़कर जल्द ही आरोपी को हिरासत में लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।