भारी वर्षा के कारण ग्रीनको बुधिल हाइड्रो पावर संयंत्र ठप, जल स्तर सामान्य होने तक रहेगा बंद

चंबा, 2 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारी वर्षा के कारण ग्रीनको बुधिल हाइड्रो पावर प्राइवेट लिमिटेड के बिजली उत्पादन संयंत्र को सुरक्षा की दृष्टि से शाम 5:20 बजे से जबरन बंद करना पड़ा है। संयंत्र प्रबंधन द्वारा यह निर्णय जल स्रोत में अत्यधिक गंदगी व मटमैले पानी के कारण लिया गया, जिससे पानी में पीपीएम (प्रति मिलियन कण) का स्तर 2000 से अधिक पहुंच गया है।संयंत्र के शिफ्ट इंचार्ज ने बताया कि यह बंद तब तक जारी रहेगा जब तक जल की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती और पीपीएम का स्तर 2000 से नीचे नहीं आता।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम संयंत्र की मशीनरी और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।इस अस्थायी बंद की सूचना सभी संबंधित पक्षों को पहले ही दे दी गई है। डाउनस्ट्रीम स्थित चंबा-III हाइड्रो पावर संयंत्र सहित अन्य साझेदारों को इस बारे में व्हाट्सएप समूह और टेलीफोनिक माध्यम से सूचित किया जा चुका है।प्रबंधन की ओर से यह भी आश्वस्त किया गया है कि जैसे ही जल स्थिति अनुकूल होती है, संयंत्र को पुनः सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। तब तक सभी हितधारकों से सहयोग की अपील की गई है।यह स्थिति हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हो रही भारी वर्षा और भूस्खलन जैसी आपदाओं की कड़ी में एक और प्रभाव के रूप में सामने आई है।