चंबा एसआईयू पुलिस दल की बड़ी कार्रवाई, कुल 726 ग्राम चरस के साथ चुराह युवक गिरफ्तार

चंबा एसआईयू पुलिस दल की बड़ी कार्रवाई, कुल 726 ग्राम चरस के साथ चुराह युवक गिरफ्तार

डलहौजी/चम्बा 18 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बार फिर नशा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया गया है। ताजा मामला जिला चंबा के कटोरी बंगला क्षेत्र का है, जहां जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को कुल 726 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। इस सफलता को पुलिस की सतर्कता और सक्रिय कार्यप्रणाली का परिणाम माना जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम नियमित गश्त और गुप्त सूचना के आधार पर कटोरी बंगला क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 726 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय दविंद्र पुत्र रूप सिंह, निवासी गांव लमगाह, डाकघर थेनेईकोठी, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चुवाड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिला चंबा में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशे से जुड़े किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और समाज को स्वस्थ दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!