उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने हरदासपुर चौक पार्क व राजस्व कॉलोनी परिसर का किया निरीक्षण

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने हरदासपुर चौक पार्क व राजस्व कॉलोनी परिसर का किया निरीक्षण

चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी )

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज हरदासपुर चौक पर विकसित किए जा रहे पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्क को सुविधाजनक, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने पार्क में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सोलर लाइटें स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवारा पशुओं की रोकथाम हेतु पार्क के चारों ओर सुरक्षा दीवार और गेट लगाने को कहा, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।


उपायुक्त ने बताया कि पार्क में नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक्वा प्रेशर पाथ का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे लोग सैर के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी उठा सकें। इसके अतिरिक्त पार्क की दीवारों पर स्वच्छता का संदेश देने वाली चित्र कला अंकित की जाएगी, जिससे आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े।
इसके उपरांत उपायुक्त ने हरदासपुर स्थित राजस्व कॉलोनी परिसर में चल रहे रख-रखाव कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से अपशिष्ट जल निकासी व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए कार्य को गुणवत्ता युक्त तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। परिसर में आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा दीवार और गेट निर्माण के भी निर्देश दिए गए।औ


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कॉलोनी एवं स्थानीय लोगों के लिए बनाए गए साझा गेट का स्थान बदलने के निर्देश दिए, ताकि दोनों की प्रवेश व्यवस्था अलग-अलग हो सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने राजस्व कॉलोनी में रह रहे कर्मचारियों और अधिकारियों से स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा समय-समय पर परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, सहायक अभियंता डीआरडीए उपेंद्र शर्मा, अर्थशास्त्री डीआरडीए विनोद कुमार, जिला नाजर प्रवीण मेहता, उपायुक्त के निजी सहायक जोगिंदर पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!