जनजागरूकता अभियान के तहत संतोष जागृति कला मंच ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी, नशे के दुष्प्रभावों से किया आगाह

जनजागरूकता अभियान के तहत संतोष जागृति कला मंच ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी, नशे के दुष्प्रभावों से किया आगाह

चंबा, 8 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


प्रदेश सरकार के विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत संतोष जागृति कला मंच लुडेरा द्वारा विधानसभा क्षेत्र चुराह के चांजू और चरड़ा में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक किया।

कार्यक्रम में कलाकारों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को स्वरोजगार स्थापित करने, शिक्षा प्राप्त करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है।

उच्च लागत सावधि ऋण योजना के तहत तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले पात्र व्यक्तियों को आठ प्रतिशत ब्याज दर पर 50 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी प्रकार हिम स्वावलंबन योजना के अंतर्गत 2.5 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले लाभार्थियों को 8 प्रतिशत ब्याज दर पर 3 से 5 लाख रुपये तक का ऋण और 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस योजना के तहत 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 1 लाख 40 हजार रुपये तक की ऋण सुविधा दी जा रही है। वहीं शिक्षा ऋण योजना के तहत तीन लाख रुपये तक आय वाले अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों को 6.5 प्रतिशत ब्याज दर पर 40 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध है।

कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए विनाशकारी है। इस अभियान के माध्यम से लोगों में सरकारी योजनाओं और नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जागरूकता फैली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!