भारी बर्फबारी ने रोकी राह, ग्रामीणों ने मरीज को पीठ पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल

भरमौर/चम्बा 30 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर उपमंडल के जनजातीय क्षेत्र में भारी बर्फबारी एक बार फिर आम जनजीवन के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। ग्राम पंचायत रनूहकोठी के अंतर्गत सारणी से आंद्रेड़ मार्ग पर बर्फ जमने के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे ग्रामीणों को एक मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। मजबूरी में स्थानीय लोगों ने मरीज को 6 से 8 किलोमीटर तक पीठ पर उठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया, जिसके बाद छोटी गाड़ी के माध्यम से उसे मेडिकल कॉलेज चंबा इलाज के लिए ले जाया गया।

यह घटना बीते कल वीरवार दोपहर बाद ग्राम पंचायत रुणहकोठी के गांव सामरा से सामने आई। भारी बर्फबारी के कारण सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बंद थी और संबंधित विभाग की ओर से बर्फ हटाने के लिए जेसीबी मशीन या अन्य कोई मशीनरी मौके पर नहीं पहुंचाई गई। ऐसे में ग्रामीणों के पास जोखिम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। बर्फीले और फिसलन भरे रास्तों से मरीज को पैदल ले जाना ग्रामीणों के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं था।गौरतलब है कि भरमौर के ऊंचाई वाले इलाकों में हालिया बर्फबारी के बाद कई संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं।

इससे न केवल रोजमर्रा की जरूरतों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, बल्कि बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बर्फबारी हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से मार्ग बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि यदि समय रहते सड़कें साफ नहीं की गईं तो आपातकालीन परिस्थितियों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित मार्गों पर जल्द से जल्द मशीनरी भेजकर बर्फ हटाई जाए, ताकि भविष्य में किसी मरीज या ग्रामीण को इस तरह जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े।
