चम्बा में एटीएम फ्रॉड,खाते से 3.70 लाख रुपए उड़ाए, पासबुक अपडेट करने पर हुआ खुलासा

चम्बा में एटीएम फ्रॉड, खाते से 3.70 लाख रुपए उड़ाए, पासबुक अपडेट करने पर हुआ खुलासा

चम्बा 24 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें शातिर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 3.70 लाख रुपए निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित के मोबाइल फोन पर किसी भी प्रकार का एसएमएस अलर्ट नहीं आया। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित ने बैंक में जाकर अपनी पासबुक अपडेट करवाई।मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रतन कुमार ने पुलिस थाना चम्बा में शिकायत दर्ज करवाई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से एटीएम ट्रांजैक्शन के माध्यम से अवैध तरीके से करीब 3.70 लाख रुपए निकाल लिए। रतन कुमार के अनुसार उन्होंने स्वयं इस तरह का कोई लेन-देन नहीं किया और न ही उन्होंने किसी को अपने बैंक खाते या एटीएम से जुड़ी जानकारी साझा की थी।

पीड़ित ने बताया कि लंबे समय तक खाते में कोई लेन-देन नहीं किया गया था। जब उन्होंने बैंक जाकर अपनी पासबुक अपडेट करवाई तो उन्हें खाते से बड़ी रकम निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत इस संबंध में पुलिस थाना चम्बा में शिकायत दर्ज करवाई और मामले की जांच की मांग की।मामले की पुष्टि करते हुए विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह राशि किन-किन एटीएम से और किस समय निकाली गई।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों और एटीएम से जुड़ी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा समय-समय पर अपने बैंक खातों की जांच करते रहें, ताकि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से बचा जा सके। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!