एसआईयू पुलिस दल की बड़ी कार्रवाई तीसा में 1 किलो 42 ग्राम चरस के साथ 35 वर्षीय युवक गिरफ्तार

चम्बा 11 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिला चंबा की एसआईयू (SIU) पुलिस टीम को बीती रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस दल ने नाकाबंदी के दौरान 1 किलो 42 ग्राम चरस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती रात करीब 9 बजे छनेड़ा नाला पुल के समीप तीसा–सनवाल मुख्य मार्ग पर की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईयू पुलिस दल नियमित जांच एवं नाकाबंदी अभियान के तहत उक्त स्थान पर मौजूद था। इसी दौरान एक राहगीर सड़क से कुछ दूरी पर खड़ा पुलिस दल को देखकर घबरा गया और संदिग्ध गतिविधियां करने लगा। युवक की हरकतों से पुलिस को शक हुआ। पुलिस टीम ने उसे अपने पास बुलाकर पूछताछ की, लेकिन वह कोई भी संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ रहा।संदेह के आधार पर जब पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे से कुल 1 किलो 42 ग्राम चरस बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत पुलिस थाना तीसा में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र बलदेव, निवासी गांव भागनोथा, डाकघर देहग्रां, तहसील तीसा, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने कहा कि चंबा पुलिस नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में है और नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना इस अभियान को सफल बनाना संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी पुलिस का सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रह सके।