भरमौर दौरे पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का भव्य स्वागत, शिक्षा संबंधी मांगों पर मांगी फिजीबिलिटी रिपोर्ट

भरमौर/ चम्बा 24 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा क्षेत्र भरमौर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का द्वार मैहला में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं, समर्थकों तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मंत्री के समक्ष विभिन्न जनसमस्याएं प्रमुखता से उठाईं।दौरे के दौरान मैहला, बग्गा, बकानी, राख, सुनारा, चूड़ी, गहरा, लूणा, दुर्गेठी और भरमौर सहित कई पंचायतों के प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। कई स्कूलों में महीनों से अध्यापकों की कमी का मामला प्रमुख रूप से उठाया गया।

प्रतिनिधियों ने GPS तागी, GPS तातरी, GPS कलवाड़ा और GPS भिजनूई में शिक्षकों की तैनाती की मांग की। साथ ही नए भवन निर्माण और जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए बजट प्रावधान की आवश्यकता भी बताई गई।इसके अतिरिक्त GSSS सुनारा और GSSS लीलह में विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरंभ करने, बंदला पंचायत के 70 छात्रों वाले GPS स्कूल को सुदृढ़ करने तथा गांव कीड़ा में नया GPS कीड़ा स्कूल खोलने की मांग भी रखी गई।

ग्राम पंचायत किलोड़ के GPS कलमला में 140 विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए GPS उड़पा खोलने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। वहीं GHS ग्राउंडी और GHS चूड़ी को अपग्रेड करने की मांग पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से फिजीबिलिटी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह भरमौरी ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि मंत्री रोहित ठाकुर शीघ्र ही इन मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाएंगे।
