चम्बा (सुल्तानपुर)में पुलिस को बड़ी कामयाबी, कार सवार से 6.76 ग्राम चिट्टा बरामद

चंबा, 4 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत विशेष जांच इकाई (एसआईयू) पुलिस दल को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्य आरक्षी परमेश की अगुवाई में पुलिस दल ने सुल्तानपुर मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की मारुति ऑल्टो कार (के-10) नंबर एचपी 09 बी 1387 को तलाशी हेतु रोका।
जैसे ही पुलिस ने कार चालक से पूछताछ शुरू की, वह घबराने लगा और संदिग्ध हरकतें करने लगा। पुलिस को शक होने पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 6.76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया और वाहन को कब्जे में कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सूरज कुमार उर्फ किम्मू पुत्र मानसिंह निवासी सुल्तानपुर, तहसील एवं जिला चंबा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने की। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस को स्थानीय लोगों का निरंतर सहयोग मिल रहा है, जिसके चलते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।

एसपी ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है और इसे खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि भविष्य में भी पुलिस का सहयोग करें ताकि ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी आशा जताई कि सामूहिक प्रयासों से जिले को नशा मुक्त बनाने में सफलता प्राप्त होगी और समाज को सुरक्षित तथा स्वस्थ माहौल मिल सकेगा।