नए साल के पहले दिन डलहौजी में मौसम का बदला मिज़ाज, सीजन की पहली बर्फबारी से बढ़ी ठंड

नए साल के पहले दिन डलहौजी में मौसम का बदला मिज़ाज, सीजन की पहली बर्फबारी से बढ़ी ठंड

डलहौजी/ चम्बा 01 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

नए साल के पहले ही दिन प्रसिद्ध पर्यटन नगरी डलहौजी के मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिससे डलहौजी सहित आसपास के क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। सोमवार सुबह से ही क्षेत्र में मौसम खराब बना रहा और ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी से जहां तापमान में भारी गिरावट आई है, वहीं पूरे क्षेत्र में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है।प्रचंड ठंड के चलते स्थानीय लोग अलाव, गर्म कपड़ों और अन्य इंतजामों में जुटे हुए हैं। दूसरी ओर, नए साल की छुट्टियां मनाने डलहौजी पहुंचे बाहरी सैलानी ताजा बर्फबारी का जमकर आनंद लेते नजर आए।

सैलानियों ने बर्फ से ढकी वादियों में मस्ती करते हुए इस प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरों में कैद किया। बर्फबारी से होटल व्यवसायियों, छोटे-बड़े व्यापारियों, टैक्सी चालकों और रेहड़ी-फड़ी वालों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है, क्योंकि इससे पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।गौरतलब है कि बीते चार महीनों से क्षेत्र में बारिश नहीं हुई थी, जिसके चलते सूखे जैसे हालात बन गए थे। बारिश न होने से कई किसानों ने गेहूं की फसल तक नहीं बोई थी। लंबे समय से जारी सूखे के कारण छोटे-बड़े किसान और बागवान काफी चिंतित थे। हालांकि, आज शुरू हुई बर्फबारी और बारिश ने किसानों और बागवानों के चेहरों पर राहत और खुशी लौटा दी है, क्योंकि इससे रबी फसलों और बागवानी के लिए लाभ मिलने की संभावना है।

जिला चंबा के उपमंडल भरमौर, पांगी, तीसा, सलूणी और डलहौजी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम हिमपात दर्ज किया गया है, जबकि निचले इलाकों में बारिश के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन एडवाइजरी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।इस बीच, डलहौजी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डायनकुंड और लक्कड़ मंडी क्षेत्र में सैलानी ताजा बर्फबारी में मस्ती करते नजर आए। सैलानियों ने बर्फबारी का आनंद लेते हुए अन्य पर्यटकों से भी डलहौजी आकर कुदरत के खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!