उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बरौर व प्लियुर स्कूलों का किया निरीक्षण, “रंगों की पाठशाला” अभियान की प्रगति का लिया जायजा

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बरौर व प्लियुर स्कूलों का किया निरीक्षण, “रंगों की पाठशाला” अभियान की प्रगति का लिया जायजा

चम्बा 26 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बरौर तथा प्लियुर का निरीक्षण किया। “रंगों की पाठशाला” विशेष अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने विद्यालय परिसरों की आधारभूत संरचना की मुरम्मत एवं नवीकरण के साथ-साथ बच्चों को विषयों को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाने की पद्धतियों के क्रियान्वयन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, बाला फीचर, स्वच्छता व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और अध्यापकों से बातचीत कर शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर बल दिया।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ व लर्निंग आउटकम का आकलन किया। उन्होंने राजकीय केंद्रीय माध्यमिक पाठशाला प्लियुर के प्रबंधन को निर्देश दिए कि शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।इससे पूर्व उपायुक्त ने राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बरौर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से बातचीत की तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति और सह-पाठ्य गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने निर्देश दिए कि चूंकि राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरौर एक ही परिसर में स्थित हैं, इसलिए दोनों विद्यालयों की गतिविधियों में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालय के संपर्क मार्ग में सुधार तथा भवन की मुरम्मत व रखरखाव कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन चंबा द्वारा जिले की 105 राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं में जुलाई 2025 से “रंगों की पाठशाला” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विद्यालयों को आकर्षक और छात्र-अनुकूल बनाया जा रहा है।

जिला विकास अधिकारी तविंद्र कुमार ने बताया कि अब तक 40 पाठशालाओं में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 65 में कार्य प्रगति पर है। इस योजना पर लगभग 2 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।इस अवसर पर उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी तविंद्र चनोरिया, सहायक अभियंता जल शक्ति उपेंद्र सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!