रोजगार संकल्प मेले में मुख्यमंत्री ने 1253 नवनियुक्त पुलिस कांस्टेबलों को सौंपे नियुक्ति पत्र

कांगडा 04 फरवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांगड़ा जिला के पुलिस कॉलेज डरोह में आयोजित ‘रोजगार संकल्प मेले’ के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 1253 नवनियुक्त पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती के पेपर लीक होने के कारण भर्ती प्रक्रिया को रद्द करना पड़ा था, जबकि वर्तमान सरकार ने भर्ती परीक्षा पुलिस विभाग के बजाय हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाई, जिससे निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार आगामी दो महीनों में 800 और पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी, जिससे हिमाचल प्रदेश पुलिस को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा कानून व्यवस्था को और बेहतर ढंग से लागू किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आज नवनियुक्त कांस्टेबल केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी, पहचान और मिशन को स्वीकार कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश शांति, संस्कृति और देवभूमि के लिए जाना जाता है और नशे के खिलाफ चल रहे जन आंदोलन में हिमाचल पुलिस की भूमिका सबसे अहम है।मुख्यमंत्री ने बताया कि आपातकालीन सेवा ईआरएसएस-112 में औसत प्रतिक्रिया समय के मामले में हिमाचल पुलिस देश में पहले स्थान पर है।

वहीं सीसीटीएनएस में पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश लगातार प्रथम स्थान पर है और आईटीएसएसओ में देशभर में पांचवां स्थान प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस वर्दी की गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं तथा यूनिफॉर्म ग्रांट बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।उन्होंने चिट्टा माफिया के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2149 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।