सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो से सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश, चंबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला तनाव

सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो से सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश, चंबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला तनाव

चंबा, 08 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

आज जिला चंबा के उपमंडल में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो सांझा किए जाने के बाद सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में आपसी तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। वीडियो के प्रसार के बाद कुछ धार्मिक संगठनों द्वारा मामले को धर्म से जोड़कर तूल देने की कोशिश भी की गई, जिससे स्थिति संवेदनशील बनती नजर आई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को अपने कार्यालय में तलब किया। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त की और वीडियो के पीछे की वास्तविकता को समझा। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पक्षों से शांति, संयम और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।बैठक के दौरान दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक द्वेष नहीं है।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके इलाके में हिंदू-मुस्लिम समुदाय वर्षों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ रह रहा है। प्रतिनिधियों का कहना था कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर क्षेत्र के सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जो निंदनीय और शर्मनाक है।दोनों समुदायों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि जिला चंबा में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे, प्रेम और शांति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।इस पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने जिला वासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस ऐसे किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है जो सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से समाज में नफरत फैलाने और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!