77वें गणतंत्र दिवस पर चंबा के ऐतिहासिक चौगान में होगा जिला स्तरीय समारोह, कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार होंगे मुख्य अतिथि

चंबा, 24 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला चंबा में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ किया जाएगा। इस भव्य समारोह में हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। विभागीय प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित किया जाएगा, जहां प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।विभागीय प्रवक्ता के अनुसार कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार 25 जनवरी 2026 को सायं चंबा पहुंचेंगे। चंबा आगमन पर उनका स्वागत जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा। इस दौरान उनका रात्रि ठहराव परिधि गृह चंबा में रहेगा। अगले दिन 26 जनवरी 2026 को वह चौगान नंबर-1 में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे।समारोह के दौरान मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। इसके पश्चात वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की जाएगी। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि समारोह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।समारोह के उपरांत कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार दोपहर बाद चंबा से ज्वाली (जिला कांगड़ा) के लिए प्रस्थान करेंगे।