जिला चम्बा में पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ, 23 अप्रैल तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां

चुवाड़ी/चम्बा, 9 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चम्बा में 8वें पोषण पखवाड़ा का विधिवत आगाज बुधवार को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में किया गया। यह अभियान 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य आमजन को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना और विशेष रूप से माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।पोषण पखवाड़ा के पहले दिन जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

इस दौरान जिला के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे निर्धारित सभी गतिविधियों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करें।इस वर्ष के पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के केंद्रीय स्तर से विज्ञान भवन, नई दिल्ली से ऑनलाइन माध्यम के जरिए किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री श्रीमती ठाकुर ने देशभर के प्रतिभागियों को संबोधित किया। जिला चम्बा में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और विभागीय कर्मचारियों ने वेबिनार के माध्यम से इस कार्यक्रम को सुना।

कार्यक्रम के दौरान “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास”, “आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक शिक्षा के बाद विद्यारंभ प्रमाण पत्र की शुरुआत” तथा “बच्चों में स्क्रीन टाइम कम करने में अभिभावकों और समुदाय की भूमिका” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।जिला समन्वयक पोषण विकास शर्मा ने बताया कि पोषण पखवाड़ा के तहत आगामी दिनों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कल सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे माताओं और बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के बारे में जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 3 से 6 वर्ष तक ‘ के बच्चों का नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकरण करवाएं, ताकि प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।