मेडिकल कॉलेज चंबा में फाइनल ईयर छात्रों के लिए एचआईवी प्रिवेंशन व एचआईवी एड्स एक्ट 2017 पर जागरूकता शिविर आयोजित

चम्बा 03 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा तथा जिला एड्स कंट्रोल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में फाइनल ईयर के छात्रों के लिए एचआईवी प्रिवेंशन एवं एचआईवी एड्स एक्ट 2017 पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने छात्रों को संबोधित करते हुए एचआईवी एड्स के कारणों, लक्षणों, रोकथाम और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि समय पर जांच और सही उपचार से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति एक सामान्य जीवन जी सकता है। इसके साथ ही उन्होंने एचआईवी एड्स एक्ट 2017 की जानकारी देते हुए बताया कि इस अधिनियम के तहत एचआईवी पीड़ितों को भेदभाव से सुरक्षा, गोपनीयता का अधिकार और निःशुल्क उपचार जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।डॉ. भारद्वाज ने छात्रों से आग्रह किया कि वे भविष्य में चिकित्सक के रूप में समाज में एचआईवी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में अहम भूमिका निभाएं और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता व सहानुभूति रखें।इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी ने बताया कि एचआईवी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, परामर्श या मार्गदर्शन के लिए भारत सरकार द्वारा जारी 1097 टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह सेवा पूरी तरह गोपनीय है और आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी है।कार्यक्रम में चैन सिंह तथा आईसीटीसी काउंसलर सपना कुमारी, मेडिकल कॉलेज चंबा भी उपस्थित रहे। जागरूकता शिविर के माध्यम से छात्रों को एचआईवी के प्रति वैज्ञानिक, सामाजिक और कानूनी पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, जिससे वे आगे चलकर समाज में जागरूकता फैलाने में योगदान दे सकें।