डलहौजी के साथ लगते बगढार में भालू का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल, चम्बा रेफर लोगो में दहशत का माहौल

डलहौजी के साथ लगते बगढार में भालू का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल, चम्बा रेफर लोगों में दहशत का माहौल

डलहौजी/ चम्बा 04 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विकासखंड भटियात के अंतर्गत ग्राम पंचायत बगढार के बाग गांव से सटे जंगल में बीते कल भालू के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस अचानक हुए हमले में 32 वर्षीय युवक कर्मों कुमार पुत्र जाहफर, निवासी गांव टिकरी, तहसील चुराह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्मों कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ जंगल में मवेशी चराने गया हुआ था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से युवक जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के शोर मचाने पर उसके साथ मौजूद अन्य साथी मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद भालू को वहां से भगाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के तुरंत बाद घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगढार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से नागरिक अस्पताल डल्हौजी रेफर किया गया। डल्हौजी अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा जांच के उपरांत युवक की हालत गंभीर पाए जाने पर उसे आगे के उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की ओर से बताया गया कि घायल युवक की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा एवं अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जंगलों के आसपास भालुओं की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा लोगों को सतर्क करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा लोगों को जंगलों में जाते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!