चंबा में पैक्स के कम्प्यूटरीकरण को मिली रफ्तार, 31 नई समितियों को मंजूरी

चंबा में पैक्स के कम्प्यूटरीकरण को मिली रफ्तार, 31 नई समितियों को मंजूरी

चंबा 23 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)


जिला में सहकारी क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यान्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उपायुक्त कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) के कम्प्यूटरीकरण के तीसरे चरण के तहत विकासखंड चंबा, भरमौर, मैहला, पांगी, सलूणी और तीसा की 31 समितियों को अनुमोदन प्रदान किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारी समितियों के माध्यम से कृषि और संबद्ध गतिविधियों से जुड़े सभी क्रेडिट व गैर-क्रेडिट कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की प्रक्रिया तेज की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से समिति सचिवों के लिए उपमंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि उन्हें डिजिटल प्रणाली के उपयोग के लिए सक्षम बनाया जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी प्रकार की प्रविष्टियां समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपलोड हों।


उपायुक्त ने समितियों की आय बढ़ाने के लिए नवाचार अपनाने और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण वितरण को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। बैठक में सहायक पंजीयक, सहकारी सभाएं द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में पहले और दूसरे चरण के अंतर्गत 83 समितियों को पहले ही कम्प्यूटरीकरण से जोड़ा जा चुका है।
डीडीएम नाबार्ड ने समितियों की आय बढ़ाने के लिए वर्मी कंपोस्ट यूनिट, कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउस, कस्टम हायरिंग सेंटर और सोलर आधारित परियोजनाओं सहित 15 से अधिक संभावित गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में राज्य सहकारी बैंक के प्रबंधक ने कार्यवाही का संचालन करते हुए कम्प्यूटरीकरण की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर विभिन्न विभागीय अधिकारी और समितियों के सचिव भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!