31 मार्च तक करवाएं हिमकेयर कार्ड का नवीनीकरण, पोर्टल खुला , सीएमओ डॉ. जालम भारद्वाज

चम्बा 07 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने जानकारी दी है कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही हिमकेयर योजना के अंतर्गत बनाए गए कार्डों के नवीनीकरण के लिए सरकार ने पोर्टल 31 मार्च तक खोल दिया है। उन्होंने जिला के सभी लाभार्थियों से समय रहते अपने हिमकेयर कार्ड का नवीनीकरण करवाने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे।उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने हिमकेयर योजना के तहत पहले से कार्ड बनवा रखा है और जिनके कार्ड की वैधता समाप्त होने वाली है या समाप्त हो चुकी है, वे निर्धारित अवधि के भीतर इसका नवीनीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा जो पात्र लोग अभी तक योजना के तहत अपना कार्ड नहीं बनवा पाए हैं, वे भी इस अवधि में नया हिमकेयर कार्ड बनवा सकते हैं।सीएमओ डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने नए कार्ड बनाने और पुराने कार्डों के नवीनीकरण के लिए पोर्टल 31 मार्च तक खुला रखा है। यदि कोई लाभार्थी इस अवधि में अपना कार्ड नहीं बनवाता या नवीनीकरण नहीं करवाता है, तो उसे दोबारा पोर्टल खुलने तक इंतजार करना पड़ेगा।

इसके बाद पोर्टल जून माह में दोबारा खोला जाएगा।उन्होंने बताया कि जिला चंबा में एक जनवरी 2019 से अब तक कुल 61,558 हिमकेयर कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें से बड़ी संख्या में कार्डों का समय-समय पर नवीनीकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि लाभार्थियों को योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलता रहे।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार हिमकेयर कार्ड बनवाने और उसके नवीनीकरण के लिए साल में केवल चार महीने—मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर—निर्धारित किए गए हैं। इन महीनों के दौरान ही पात्र व्यक्ति नया कार्ड बनवा सकते हैं या अपने पुराने कार्ड का नवीनीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र लोगों से अपील की कि वे समय रहते इस सुविधा का लाभ उठाएं।