भटियात की गोला पंचायत में महिला से सोने के गहने छीनने वाला युवक ग्रामीणों ने दबोचा

भटियात/ चम्बा 07 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के भटियात उपमंडल की गोला पंचायत में एक महिला से सोने के गहने छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीने गए गहने भी बरामद कर लिए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बाडवा गांव की रहने वाली अंजना कुमारी ने पुलिस थाना सिहुंता में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वह अपने घर के पास स्थित नल से पानी भरने के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने अचानक उनसे सोने का लॉकेट और कान की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इलाके में सर्च अभियान चलाया। ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग से आरोपी युवक को कुछ ही समय बाद पकड़ लिया गया।

पकड़े गए युवक की पहचान जैल सिंह निवासी गांव गाडन, जिला डोडा (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने आरोपी के पास से महिला से छीने गए सोने के लॉकेट और बालियां भी बरामद कर लीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर गहनों को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सिहुंता में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और मामले की जांच जारी है।