डलहौजी (गोली) में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 355 ग्राम चरस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

डलहौजी/चम्बा 17 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलताएं मिलती दिख रही हैं। इसी कड़ी में डलहौजी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में चरस बरामद की है। पुलिस ने पंजाब के तीन युवकों को 1 किलो 355 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है, जिससे नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।यह कार्रवाई आज (मंगलवार) सुबह करीब साढ़े 10 बजे भरमौर–चम्बा–पठानकोट नेशनल हाईवे पर गोली जीरो प्वाइंट के समीप की गई। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने सारे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डलहौजी पुलिस दल नियमित गश्त और यातायात जांच हेतू तैनात था। इस दौरान हर आने-जाने वाले वाहन की शक के आधार पर गहन जांच की जा रही थी।

इसी बीच चौहड़ा डैम की ओर से बनीखेत की तरफ आ रहे एक पिकअप वाहन नम्बर PB 02BV-9316 को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन में सवार तीनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उनकी संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली, जिसमें अंदर से 1 किलो 355 ग्राम चरस बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर ही चरस को कब्जे में लेकर वाहन सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान लवजीत सिंह, कुलदीप सिंह और करण शर्मा के रूप में हुई है, जो सभी पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और चरस की सप्लाई चेन व इसके स्रोतों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।