विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया राजकीय उच्च विद्यालय ढलोग के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता

डलहौजी/ चम्बा 25 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में आज राजकीय उच्च विद्यालय ढलोग का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 40 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित विद्यालय के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान वर्षभर शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल एवं पारदर्शी नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने निराश्रित बच्चों के अभिभावक की भूमिका निभाते हुए सामाजिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है। इस पहल से लगभग छह हजार निराश्रित बच्चों को संरक्षण, शिक्षा एवं बेहतर भविष्य का सहारा मिला है। उन्होंने इसे देश के इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, विशेषकर सड़क निर्माण को दी जा रही प्राथमिकता का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन की मांग पर उन्होंने बाउंड्री वॉल एवं खेल मैदान के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। साथ ही विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रोत्साहन हेतु 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।

समारोह में विद्यार्थियों ने हिंदी, पंजाबी व हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। क्लस्टर प्रधानाचार्य प्रीतम सिंह ठाकुर ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी अनिल भारद्वाज, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
