चंबा जिले में पल्स पोलियो अभियान सफलता पूर्वक संपन्न, 47 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई गई खुराक

चम्बा 21 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला में आज स्वास्थ्य विभाग द्वारा पल्स पोलियो अभियान पूरे उत्साह और व्यापक भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले भर में पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अभियान की शुरुआत आज सुबह 9 बजे हुई, जो सायं तक निरंतर जारी रही।जिला मुख्यालय चंबा में इस अभियान का शुभारंभ उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष के अंतिम माह दिसंबर में आयोजित इस पल्स पोलियो अभियान के तहत चंबा जिले में कुल 47 हजार 267 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए जिले भर में 542 स्वास्थ्य बूथ स्थापित किए गए, जहां पर बच्चों को सुरक्षित और सुचारू रूप से यह खुराक प्रदान की गई।उन्होंने बताया कि इस व्यापक अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग 2200 स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें स्वास्थ्य अधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारी तथा अन्य सहायक कर्मचारी शामिल हैं, जिन्होंने पूरे दिन सेवा भावना के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।

उपायुक्त ने जिले के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि जिन माता-पिता के बच्चे पांच वर्ष से कम आयु के हैं, वे अपने नजदीकी चिन्हित पोलियो बूथ पर अवश्य जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है और समय पर टीकाकरण ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग इसमें आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों में सहयोग करें, ताकि चंबा जिला हमेशा पोलियो मुक्त बना रहे।