जिला चंबा में जनगणना–2027 की तैयारियां तेज, हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

चम्बा 13 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में आगामी जनगणना–2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यवाही तेज कर दी है। इसी क्रम में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जनगणना–2027 के प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन’ की तैयारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया, नियमों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जाएगी।

पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवासों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि जनगणना का पहला चरण 12 मई से 10 जून तक आयोजित होगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक गतिविधियों में से एक है, जो विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जाएगा।

इसके लिए स्मार्टफोन आधारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से डेटा एकत्र किया जाएगा, जिससे जानकारी का संकलन और प्रसंस्करण पहले की तुलना में अधिक तेज और सटीक हो सकेगा।उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि यह महत्वपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक अनिल कुमार ने अधिकारियों को जनगणना से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और संचालन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे, जो घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार जानकारी एकत्रित करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया और जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए बेहतर समन्वय और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह, एसडीएम चुराह राजेश कुमार, एसडीएम भटियात मनीष सोनी, एसडीएम भरमौर विकास शर्मा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, नोडल अधिकारी कपिल कुमार सहित विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार और उपतहसीलों के नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।