सलूणी के आडपा गांव में दर्दनाक हादसा, गर्म पानी के टब में गिरने से झुलसने से चार वर्षीय बच्चे की मौत

सलूणी के आडपा गांव में दर्दनाक हादसा, गर्म पानी के टब में गिरने से झुलसने से चार वर्षीय बच्चे की मौत

सलूणी / चम्बा 04 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के आडपा गांव में एक हृदयविदारक हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। कपड़े धोने के लिए टब में रखे गर्म पानी में गिरने से गंभीर रूप से झुलसा बच्चा इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हार गया। यह घटना 21 जनवरी की बताई जा रही है, जबकि पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मंगलवार को बच्चे ने अंतिम सांस ली।मृतक बच्चे की पहचान आरव पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी को आरव की मां घर में कपड़े धोने के लिए टब में गर्म पानी भर रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम असंतुलित होकर टब में गिर गया। गर्म पानी के संपर्क में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और जोर-जोर से चीखने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में किहार अस्पताल ले जाया गया।किहार अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई में डॉक्टरों की टीम ने बच्चे को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन झुलसने की गंभीरता अधिक होने के कारण उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। अंततः मंगलवार को इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और प्रथम दृष्टया यह मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पेशे से किसान सुभाष कुमार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!