उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एफसीए स्वीकृति मामलों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एफसीए स्वीकृति मामलों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

चम्बा 09 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चुराह वन मंडल से संबंधित वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के अंतर्गत लंबित एवं प्रगतिशील स्वीकृति मामलों को लेकर आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागीय परियोजनाओं से जुड़े स्वीकृति मामलों की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा करना था।बैठक के दौरान उपायुक्त ने कुल 23 विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के अंतर्गत एफसीए स्वीकृति मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृति प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उपायुक्त ने विशेष रूप से स्वीकृति के द्वितीय चरण के अंतर्गत लंबित मामलों की अनुपालना शीघ्र सुनिश्चित करने पर बल दिया।शिक्षा विभाग से संबंधित कन्या छात्रावास हिमगिरी के भूमि प्रकरण पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक से पूर्व वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत सभी आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण कर अनुमति हेतु मामला सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित किया जाए।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि एफसीए स्वीकृति प्रक्रिया को गति देने के लिए अंतर-विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृति के विभिन्न चरणों में उत्पन्न होने वाली आपत्तियों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए।बैठक में अग्निशमन केंद्र भवन तीसा से संबंधित मामले की प्रगति पर भी चर्चा की गई। विभागीय प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि विभिन्न आपत्तियों का समाधान कर एक सप्ताह के भीतर संपूर्ण विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग तथा जल शक्ति विभाग से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेश सहगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!