तीसा में दुकान की आड़ में नशा परोसने वाला दुकानदार कुल 494 ग्राम चरस सहित काबू मामला दर्ज,पुलिस जांच में जुटी

तीसा/चुराह 06 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर
उपमंडल तीसा में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस दल तीसा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 494 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार पुलिस थाना दल तीसा को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि क्षेत्र में एक युवक रोजमर्रा के सामान की दुकान की आड़ में गुपचुप तरीके से नशा परोसने का कार्य कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संबंधित दुकान पर दबिश दी और तलाशी के दौरान वहां से 494 ग्राम चरस बरामद की गई।पुलिस ने मौके पर ही आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना तीसा में मामला दर्ज किया है।

आरोपी की पहचान 26 वर्षीय कुलदीप पुत्र फलदेव निवासी गांव नचनोटी, डाकघर भड़ेला, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है।पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जाती थी। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला चंबा में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित कोई गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।