विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण, बट्ट आईटीआई व नर्सिंग कॉलेज में मिली व्यावहारिक शिक्षा की जानकारी

डलहौजी/ चम्बा 30 दिसम्बर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
शिक्षा खंड तीसा के अंतर्गत आने वाले राजकीय माध्यमिक विद्यालय दयोला तथा राजकीय महाविद्यालय घेवा के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत बट्ट आईटीआई तीसा का दौरा किया। वहीं शिक्षा खंड बनीखेत के अंतर्गत आने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाथरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढार तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय फरोटका के विद्यार्थियों ने बट्ट आईटीआई एवं बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बोंखरी मोड़ का शैक्षणिक भ्रमण किया।इस दौरान विद्यार्थियों ने खुशनगरी स्थित बट्ट आईटीआई तथा बोंखरी मोड़ स्थित बट्ट आईईआई के फ्रंट ऑफिस में जाकर संस्थान की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यार्थियों ने आईटीआई की विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन कर अपने-अपने विषयों से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया। आधुनिक मशीनरी, उपकरणों और प्रशिक्षण व्यवस्था को देखकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।

शैक्षणिक भ्रमण में शामिल अध्यापकों ने संस्थान में प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध बेहतरीन सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा जमा दो के बाद कैरियर के विभिन्न विकल्पों को समझने में मददगार सिद्ध होते हैं और उन्हें सही दिशा चुनने के लिए प्रेरित करते हैं।बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान संस्थान के स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों और अध्यापकों का स्वागत किया गया तथा उन्हें संस्थान की गतिविधियों, पाठ्यक्रमों और प्रशिक्षण प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बट्ट आईटीआई में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में गुणात्मक प्रशिक्षण देने के लिए उच्च श्रेणी के उपकरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।भ्रमण के उपरांत विद्यार्थियों ने बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग का भी अवलोकन किया, जहां उन्हें नर्सिंग शिक्षा से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस अवसर पर बट्ट आईटीआई तीसा, बट्ट आईटीआई तथा बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग के स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।