लाहड़ गांव में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध निर्माण गिराए

डलहौजी/ चम्बा 25 मार्च मुकेश कुमार ( गोल्डी)
चंबा जिले के डलहौजी उपमंडल की पंचायत वैली के लाहड़ गांव में सोमवार को वन विभाग ने अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए एक मकान, दो शौचालय और एक गोशाला को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी डलहौजी राहुल ठाकुर के नेतृत्व में की गई।वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। विभाग की ओर से कब्जाधारियों को पहले भी दो से तीन बार नोटिस जारी कर स्वयं कब्जे हटाने के निर्देश दिए गए थे।

बावजूद इसके, जब अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, तो विभागीय टीम ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।उल्लेखनीय है कि माननीय हाईकोर्ट ने 31 मार्च तक सभी अवैध कब्जों को हटाने के सख्त आदेश जारी किए हैं। इसी के तहत वन विभाग और लोक निर्माण विभाग सरकारी और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।वन परिक्षेत्र अधिकारी डलहौजी राहुल ठाकुर ने बताया कि वन भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विभाग किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगा और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।वन विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में भी हलचल मच गई है।

कुछ लोग विभाग के इस कदम का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ इससे असंतुष्ट हैं। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।