रिटेंशन फीस पर पेनल्टी के खिलाफ भड़का राजकीय अध्यापक संघ, बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार की चेतावनी

रिटेंशन फीस पर पेनल्टी के खिलाफ भड़का राजकीय अध्यापक संघ, बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार की चेतावनी

डलहौजी/ चम्बा 19 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ जिला चंबा इकाई ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा पाठशालाओं से परीक्षा केंद्र के नाम पर ली जा रही रिटेंशन फीस पर पेनल्टी लगाने को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ के जिला प्रधान हरिप्रसाद शर्मा, महासचिव सतेंद्र राणा, वित्त सचिव विशाल शर्मा, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, राज्य उपाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन, जिला महिला विंग की अध्यक्षा रेनू शर्मा सहित जिला चंबा के सभी 15 शिक्षा खंडों के प्रधानों ने संयुक्त बयान जारी कर शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मार्च 2025 में आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में सेवाएं देने वाले अध्यापक साथियों को अभी तक उनका मेहनताना नहीं दिया गया है। इसके बावजूद शिक्षा बोर्ड द्वारा पाठशालाओं पर रिटेंशन फीस के नाम पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। इससे न केवल अध्यापकों पर अतिरिक्त मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है, बल्कि इसका सीधा असर स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है।संघ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा बोर्ड को रिटेंशन फीस के नाम पर लगाई जा रही पेनल्टी को तुरंत वापस लेना चाहिए और जिन अध्यापकों ने बोर्ड परीक्षाओं में सेवाएं दी हैं, उन्हें उनका मेहनताना शीघ्र अदा किया जाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो मार्च 2026 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं का हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ जिला चंबा बहिष्कार करेगा और कोई भी अध्यापक बोर्ड परीक्षाओं में अपनी सेवाएं नहीं देगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की होगी।जिला प्रधान हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि राजकीय अध्यापक संघ के राज्य प्रधान वीरेंद्र चौहान द्वारा भी पहले बोर्ड सचिव को रिटेंशन फीस पर ली जा रही पेनल्टी को वापस लेने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था, जिसे सचिव महोदय ने स्वीकार भी किया था। बावजूद इसके आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे जिला चंबा की अनेक पाठशालाओं के अध्यापक साथी परेशान और आक्रोशित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!