मिशन सिंदूर की सफलता के बाद चंबा में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा जिला मुख्यालय

मिशन सिंदूर की सफलता के बाद चंबा में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा जिला मुख्यालय

चम्बा 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए आज चंबा जिला मुख्यालय में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर परिषद परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से गुज़री और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। यात्रा का आयोजन सेना के सफल मिशन सिंदूर की सराहना और पाकिस्तान के खिलाफ जनआक्रोश प्रकट करने के उद्देश्य से किया गया।इस तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया, जिनमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

डलहौज़ी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि सेना ने जिस तरह से पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल कार्रवाई की है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से जनता ने सेना के साहस को सलाम किया है।चंबा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक पवन नैयर ने भी इस यात्रा में भाग लिया और कहा कि तिरंगा यात्रा पूरे देश में चल रही है, और यह जनभावनाओं की प्रतीक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पाकिस्तान भविष्य में कोई नापाक हरकत करता है तो उसे फिर से मुंह की खानी पड़ेगी।

पूर्व सैन्य अधिकारी कैप्टन मुसद्दी राम ने कहा कि मिशन सिंदूर के तहत सेना की कार्रवाई देश के लिए गर्व का विषय है और इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा आयोजित की गई है। जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी ने कहा कि तिरंगा उनका अभिमान है और देश की रक्षा के लिए वे सदैव तत्पर हैं।यह यात्रा देशभक्ति, एकता और सेना के प्रति सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!