तुन्नुहट्टी चेक पोस्ट पर पुलिस की मुस्तैदी, 4.36 ग्राम चिट्टा सहित 30 वर्षीय युवक गिरफ्तार

डलहौजी/चम्बा 19 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। जिला के प्रवेश द्वार तुन्नुहट्टी चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 4.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह युवक ककीरा मुख्य मार्ग से पैदल ही तुन्नुहट्टी की ओर आ रहा था। चेक पोस्ट पर पुलिस दल रोज़ाना की तरह आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच कर रहा था। इसी दौरान ककीरा की ओर से आ रहे एक पैदल राहगीर को देखकर पुलिस को उस पर संदेह हुआ। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर युवक घबरा गया और शक पैदा करने वाली हरकतें करने लगा, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।पुलिस दल ने तुरंत युवक को रोककर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इसके बाद जब पुलिस ने उसकी गहन तलाशी ली तो उसके कब्जे से कुल 4.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय पंकज कुमार उर्फ पंकू पुत्र हेमराज निवासी गांव बाढ़, डाकघर बनीखेत, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस दल ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया और उसके खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।पंकज के ऊपर नशा तस्करी का एक मामला और दर्ज है जो माननीय अदालत में विचाराधीन है ।

इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी द्वारा की गई है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ अभियान को लेकर पूरी तरह मुस्तैद और गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस अधिक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ छेड़ा गया यह अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।