शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सरोग में आधुनिक पुस्तकालय का किया उद्घाटन, शिक्षा और विकास कार्यों की दी सौगात

शिमला 29 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने आजादी के बाद शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। जहां 1947 में प्रदेश की साक्षरता दर मात्र 7 प्रतिशत थी, वहीं आज यह बढ़कर 99.30 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि कठिन वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद सरकार ने शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए वर्ष 2026 के बजट में लगभग 9666 करोड़ रुपये, यानी कुल बजट का 18 प्रतिशत, शिक्षा विभाग के लिए निर्धारित किया है।शिक्षा मंत्री ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरोग में नव-निर्मित आधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन कर उसे जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर कुलदीप सिंह राठौर भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का आधुनिक पुस्तकालय बनना बड़ी उपलब्धि है और इसका लाभ विद्यार्थियों के साथ-साथ आम जनता को भी मिलना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने ठियोग क्षेत्र को चार सीबीएसई स्कूल—ठियोग, कुमारसैन, मतियाना और सैंज—मिलने की जानकारी दी और सरोग स्कूल में कॉमर्स विषय शुरू करने की घोषणा भी की। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 11वीं और 12वीं कक्षाओं में बागवानी को व्यावसायिक विषय के रूप में शामिल किया जाएगा।उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 12.33 करोड़ रुपये की लागत से 66 केवी प्रगतिनगर–हुल्ली डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन सफलतापूर्वक चालू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी।

कोटखाई में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्टाफ क्वार्टर निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।इसके साथ ही कोटखाई में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय, ट्रॉमा सेंटर और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की जानकारी दी गई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में प्रदेश में और भी विकास कार्य तेज़ी से किए जाएंगे।