ग्राम पंचायत कामला में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व बेटियों को एफडीआर वितरित

ग्राम पंचायत कामला में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व बेटियों को एफडीआर वितरित

भटियात/ चम्बा 07 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत कामला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भटियात के उपमंडलाधिकारी (ना.) मनीष कुमार सोनी ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद बाल विकास परियोजना चुवाड़ी के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सामाजिक जागरूकता जैसे विभिन्न विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान जिला योजना अधिकारी कार्यालय चंबा के सौजन्य से संचालित संपूर्णता अभियान के तहत पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गोद भराई की रस्म अदा की गई। वहीं “बेटी है अनमोल” योजना के अंतर्गत सात बालिकाओं को एफडीआर (फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद) भी प्रदान की गई, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सके।इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी धर्मवीर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि मनीष कुमार सोनी ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और महिलाओं की समाज में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए महिला सशक्तिकरण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया।इस मौके पर तहसील सिहुंता के तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी श्रीमती आरती खन्ना, ग्राम पंचायत कामला के प्रधान, उपप्रधान, परियोजना के वृत्त पर्यवेक्षक, कार्यालय कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!