प्रागपुर में पहली बार आयोजित 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने विकास व ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का रखा विजन

कांगडा 26 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
कांगड़ा जिले के ऐतिहासिक प्रागपुर में आज 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह पहली बार था जब राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह प्रागपुर में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड टुकड़ियों से सलामी ली। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी तरुणा ने किया। परेड में आईआरबीएन जंगलबैरी, सकोह और पंडोह, पुलिस जिला नूरपुर, होमगार्ड की महिला व पुरुष बटालियन धर्मशाला, एसडीआरएफ पंडोह, ट्रैफिक पुलिस, वन मित्र, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स सहित विभिन्न इकाइयों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिमाचल को राज्य का दर्जा दिलाने में पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने किसानों और बागवानों के अधिकारों की रक्षा और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कृषि एवं बागवानी आयोग के गठन की घोषणा की, जिसके लिए आगामी बजट सत्र में विधेयक लाया जाएगा। इसके साथ ही प्रागपुर में एसडीएम कार्यालय और नल्सूहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार से 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां विरासत में मिली थीं, जिन्हें घटाकर 8,555 करोड़ रुपये किया गया है। कठिन वित्तीय हालात के बावजूद जनवरी माह में 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनभोगियों के लंबित बकाया के भुगतान के लिए 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट के एरियर का बड़ा हिस्सा जनवरी में जारी किया जाएगा।उन्होंने ‘समृद्ध हिमाचल विजन’ दस्तावेज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य के लोगों, विशेषज्ञों और संस्थानों के व्यापक संवाद से तैयार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल, आपदा प्रतिरोधी और समावेशी विकास है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार को पूर्व सरकार की तुलना में कम केंद्रीय सहायता मिली है, फिर भी अपने संसाधन बढ़ाकर राज्य की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण, किसानों-बागवानों के हितों, शिक्षा व स्वास्थ्य सुधारों और आपदा प्रभावितों के लिए घोषित राहत पैकेज का भी विस्तार से उल्लेख किया। समारोह के दौरान वेब सीरीज ‘द व्हाइट ट्रुथ’ का विमोचन किया गया और परेड व सांस्कृतिक दलों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
