नूरपुर पुलिस की अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, चार वाहन जब्त

कांगडा 03 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस जिला नूरपुर द्वारा खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बीते 24 घंटों के भीतर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत टांडा खड्ड क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को मौके पर पकड़ा गया। वहीं पुलिस चौकी रे के तहत रियाली क्षेत्र में हंदवाड़ सड़क पर दो डंपरों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित वाहन खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम का उल्लंघन कर अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन कर रहे थे।पुलिस ने सभी चार वाहनों के खिलाफ अधिनियम के तहत चालान कर उन्हें जब्त कर कब्जे में ले लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नूरपुर के जिला पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग से ही प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।