नलवाड़ी मेले में वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता से उभर रही सामाजिक चेतना और कला प्रतिभा

नलवाड़ी मेले में वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता से उभर रही सामाजिक चेतना और कला प्रतिभा

बिलासपुर, 22 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला इस वर्ष न केवल पारंपरिक उत्सवों का केंद्र बना हुआ है, बल्कि कला और सामाजिक जागरूकता का भी प्रभावशाली मंच साबित हो रहा है। मेले के अवसर पर आयोजित वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में कुल 20 प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, जो 10 विभिन्न स्थानों पर अपनी रचनात्मक कलाकृतियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि प्रतिभागियों को समाज और क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषय प्रदान किए गए हैं। इनमें बिलासपुर का विस्थापन, एंटी चिट्टा (नशा विरोधी अभियान) और पर्यटन जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। कलाकार इन विषयों के माध्यम से न केवल अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि समाज को एक सार्थक संदेश देने का प्रयास भी कर रहे हैं।

वॉल पेंटिंग्स के जरिए स्थानीय संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और वर्तमान सामाजिक चुनौतियों को बेहद प्रभावी ढंग से दर्शाया जा रहा है। इन चित्रों में रंगों के माध्यम से जागरूकता और संदेश का अनूठा समन्वय देखने को मिल रहा है, जो मेले में आने वाले दर्शकों को आकर्षित कर रहा है।इस संबंध में उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में कला के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें सामाजिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

नलवाड़ी मेला में सजी ये वॉल पेंटिंग्स लोगों को आकर्षित करने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक संदेश देने में भी सफल हो रही हैं, जिससे यह आयोजन कला और जागरूकता का संगम बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!