बनीखेत शिक्षा खंड में ‘बेस्ट एसएमसी’ कार्यक्रम आयोजित, बलेरा और पुखरी स्कूल रहे अव्वल

बनीखेत शिक्षा खंड में ‘बेस्ट एसएमसी’ कार्यक्रम आयोजित, बलेरा और पुखरी स्कूल रहे अव्वल

डलहौजी/ चम्बा 26 फरवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)

शिक्षा खंड बनीखेत में गुरुवार को ‘बेस्ट एसएमसी’ (स्कूल प्रबंधन समिति) कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों की स्कूल प्रबंधन समितियों ने अपनी कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और विद्यालय विकास से जुड़े प्रयासों की प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूल प्रबंधन समितियों की सक्रियता को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार में उनकी भूमिका को सशक्त बनाना था।कार्यक्रम को दो वर्गों में विभाजित किया गया था। सीनियर वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं और उच्च माध्यमिक पाठशालाओं की एसएमसी ने भाग लिया। इस वर्ग में विभिन्न विद्यालयों ने अपने-अपने विद्यालयों में किए गए विकास कार्यों, विद्यार्थियों की प्रगति, सामुदायिक सहभागिता तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के प्रयासों को प्रस्तुत किया।

सीनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा की एसएमसी ने प्रथम स्थान हासिल किया।वहीं जूनियर वर्ग में माध्यमिक पाठशालाओं की एसएमसी को शामिल किया गया था। इस वर्ग में भी विद्यालयों की समितियों ने विद्यालय प्रबंधन, छात्र हितों के लिए किए गए कार्यों और स्कूल के विकास में समुदाय की भागीदारी से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। जूनियर वर्ग में राजकीय माध्यमिक पाठशाला पुखरी की एसएमसी ने बेहतर प्रस्तुति और कार्यों के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम का आयोजन खंड परियोजना अधिकारी एवं स्थानीय पाठशाला के प्रधानाचार्य श्री प्रीतम ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा खंड के लगभग सत्रह विद्यालयों ने भाग लेकर अपनी-अपनी एसएमसी की गतिविधियों और उपलब्धियों को साझा किया।कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से स्कूल प्रबंधन समितियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति और अधिक सक्रिय होने की प्रेरणा मिलती है, जिससे विद्यालयों के समग्र विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!